Saturday, 10 November 2012

उठ मेरी जान

उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

कल्ब-ए-माहौल में लरज़ाँ शरर-ए-ज़ंग हैं आज
हौसले वक़्त के और ज़ीस्त के यक रंग हैं आज
आबगीनों में तपां वलवला-ए-संग हैं आज
हुस्न और इश्क हम आवाज़ व हमआहंग हैं आज
जिसमें जलता हूँ उसी आग में जलना है तुझे
उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

ज़िन्दगी जहद में है सब्र के काबू में नहीं
नब्ज़-ए-हस्ती का लहू कांपते आँसू में नहीं
उड़ने खुलने में है नक़्हत ख़म-ए-गेसू में नहीं
ज़न्नत इक और है जो मर्द के पहलू में नहीं
उसकी आज़ाद रविश पर भी मचलना है तुझे
उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

गोशे-गोशे में सुलगती है चिता तेरे लिये
फ़र्ज़ का भेस बदलती है क़ज़ा तेरे लिये
क़हर है तेरी हर इक नर्म अदा तेरे लिये
ज़हर ही ज़हर है दुनिया की हवा तेरे लिये
रुत बदल डाल अगर फूलना फलना है तुझे
उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

क़द्र अब तक तिरी तारीख़ ने जानी ही नहीं
तुझ में शोले भी हैं बस अश्कफ़िशानी ही नहीं
तू हक़ीक़त भी है दिलचस्प कहानी ही नहीं
तेरी हस्ती भी है इक चीज़ जवानी ही नहीं
अपनी तारीख़ का उनवान बदलना है तुझे
उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

तोड़ कर रस्म के बुत बन्द-ए-क़दामत से निकल
ज़ोफ़-ए-इशरत से निकल वहम-ए-नज़ाकत से निकल
नफ़स के खींचे हुये हल्क़ा-ए-अज़मत से निकल
क़ैद बन जाये मुहब्बत तो मुहब्बत से निकल
राह का ख़ार ही क्या गुल भी कुचलना है तुझे
उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

तोड़ ये अज़्म शिकन दग़दग़ा-ए-पन्द भी तोड़
तेरी ख़ातिर है जो ज़ंजीर वह सौगंध भी तोड़
तौक़ यह भी है ज़मर्रूद का गुल बन्द भी तोड़
तोड़ पैमाना-ए-मरदान-ए-ख़िरदमन्द भी तोड़
बन के तूफ़ान छलकना है उबलना है तुझे
उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

तू फ़लातून व अरस्तू है तू ज़ोहरा परवीन
तेरे क़ब्ज़े में ग़रदूँ तेरी ठोकर में ज़मीं
हाँ उठा जल्द उठा पा-ए-मुक़द्दर से ज़बीं
मैं भी रुकने का नहीं वक़्त भी रुकने का नहीं
लड़खड़ाएगी कहाँ तक कि संभलना है तुझे
उठ मेरी जान! मेरे साथ ही चलना है तुझे

देश की छाती दरकते देखता हूँ


देश की छाती दरकते देखता हूँ!
थान खद्दर के लपेटे स्वार्थियों को,
पेट-पूजा की कमाई में जुता मैं देखता हूँ!
सत्य के जारज सुतों को,
लंदनी गौरांग प्रभु की,
लीक चलते देखता हूँ!
डालरी साम्राज्यवादी मौत-घर में,
आँख मूँदे डाँस करते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
मैं अहिंसा के निहत्थे हाथियों को,
पीठ पर बम बोझ लादे देखता हूँ।
देव कुल के किन्नरों को,
मंत्रियों का साज साजे,
देश की जन-शक्तियों का,
खून पीते देखता हूँ,
क्रांति गाते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
राजनीतिक धर्मराजों को जुएँ में,
द्रोपदी को हारते मैं देखता हूँ!
ज्ञान के सब सूरजों को,
अर्थ के पैशाचिकों से,
रोशनी को माँगते मैं देखता हूँ!
योजनाओं के शिखंडी सूरमों को,
तेग अपनी तोड़ते मैं देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
खाद्य मंत्री को हमेशा शूल बोते देखता हूँ
भुखमरी को जन्म देते,
वन-महोत्सव को मनाते देखता हूँ!
लौह-नर के वृद्ध वपु से,
दण्ड के दानव निकलते देखता हूँ!
व्यक्ति की स्वाधीनता पर गाज गिरते देखता हूँ!
देश के अभिमन्युयों को कैद होते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
मुक्त लहरों की प्रगति पर,
जन-सुरक्षा के बहाने,
रोक लगाते देखता हूँ!
चीन की दीवार उठते देखता हूँ!
क्राँतिकारी लेखनी को,
जेल जाते देखता हूँ!
लपलपाती आग के भी,
ओंठ सिलते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
राष्ट्र-जल में कागजी, छवि-यान बहता देखता हूँ,
तीर पर मल्लाह बैठे और हँसते देखता हूँ!
योजनाओं के फरिश्तों को गगन से भूमि आते,
और गोबर चोंथ पर सानंद बैठे,
मौन-मन बंशी बजाते, गीत गाते,
मृग मरीची कामिनी से प्यार करते देखता हूँ!
शून्य शब्दों के हवाई फैर करते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
बूचड़ों के न्याय-घर में,
लोकशाही के करोड़ों राम-सीता,
मूक पशुओं की तरह बलिदान होते देखता हूँ!
वीर तेलंगानवों पर मृत्यु के चाबुक चटकते देखता हूँ!
क्रांति की कल्लोलिनी पर घात होते देखता हूँ!
वीर माता के हृदय के शक्ति-पय को
शून्य में रोते विलपते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
नामधारी त्यागियों को,
मैं धुएँ के वस्त्र पहने,
मृत्यु का घंटा बजाते देखता हूँ!
स्वर्ण मुद्रा की चढ़ौती भेंट लेते,
राजगुरुओं को, मुनाफाखोर को आशीष देते,
सौ तरह के कमकरों को दुष्ट कह कर,
शाप देते प्राण लेते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
कौंसिलों में कठपुतलियों को भटकते,
राजनीतिक चाल चलते,
रेत के कानून के रस्से बनाते देखता हूँ!
वायुयानों की उड़ानों की तरह तकरीर करते,
झूठ का लम्बा बड़ा इतिहास गढ़ते,
गोखुरों से सिंधु भरते,
देश-द्रोही रावणों को राम भजते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
नाश के वैतालिकों को
संविधानी शासनालय को सभा में
दंड की डौड़ी बजाते देखता हूँ!
कंस की प्रतिमूर्तियों को,
मुन्ड मालाएँ बनाते देखता हूँ!
काल भैरव के सहोदर भाइयों को,
रक्त की धारा बहाते देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
व्यास मुनि को धूप में रिक्शा चलाते,
भीम, अर्जुन को गधे का बोझ ढोते देखता हूँ!
सत्य के हरिचंद को अन्याय-घर में,
झूठ की देते गवाही देखता हूँ!
द्रोपदी को और शैव्या को, शची को,
रूप की दूकान खोले,
लाज को दो-दो टके में बेचते मैं देखता हूँ!!
देश की छाती दरकते देखता हूँ!
मैं बहुत उत्तप्त होकर
भीम के बल और अर्जुन की प्रतिज्ञा से ललक कर,
क्रांतिकारी शक्ति का तूफान बन कर,
शूरवीरों की शहादत का हथौड़ा हाथ लेकर,
श्रृंखलाएँ तोड़ता हूँ
जिन्दगी को मुक्त करता हूँ नरक से!!

जो जीवन की

जो जीवन की धूल चाट कर बड़ा हुआ है 
तूफ़ानों से लड़ा और फिर खड़ा हुआ है 
जिसने सोने को खोदा लोहा मोड़ा है
जो रवि के रथ का घोड़ा है
वह जन मारे नहीं मरेगा
नहीं मरेगा
 
जो जीवन की आग जला कर आग बना है
फौलादी पंजे फैलाए नाग बना है
जिसने शोषण को तोड़ा शासन मोड़ा है
जो युग के रथ का घोड़ा है
वह जन मारे नहीं मरेगा
नहीं मरेगा

हमारी जिंदगी के दिन


हमारी जिन्दगी के दिन,
बड़े संघर्ष के दिन हैं।
हमेशा काम करते हैं,
मगर कम दाम मिलते हैं।
प्रतिक्षण हम बुरे शासन--
बुरे शोषण से पिसते हैं!!
अपढ़, अज्ञान, अधिकारों से
वंचित हम कलपते हैं।
सड़क पर खूब चलते
पैर के जूते-से घिसते हैं।।
हमारी जिन्दगी के दिन,
हमारी ग्लानि के दिन हैं!!
हमारी जिन्दगी के दिन,
बड़े संघर्ष के दिन हैं!
न दाना एक मिलता है,
खलाये पेट फिरते हैं।
मुनाफाखोर की गोदाम
के ताले न खुलते हैं।।
विकल, बेहाल, भूखे हम
तड़पते औ' तरसते हैं।
हमारे पेट का दाना
हमें इनकार करते हैं।।
हमारी जिन्दगी के दिन,
हमारी भूख के दिन हैं!!
हमारी जिन्दगी के दिन,
बड़े संघर्ष के दिन हैं!
नहीं मिलता कहीं कपड़ा,
लँगोटी हम पहनते हैं।
हमारी औरतों के तन
उघारे ही झलकते हैं।।
हजारों आदमी के शव
कफन तक को तरसते हैं।
बिना ओढ़े हुए चदरा,
खुले मरघट को चलते हैं।।
हमारी जिन्दगी के दिन,
हमारी लाज के दिन हैं!!
हमारी जिन्दगी के दिन,
बड़े संघर्ष के दिन हैं!
हमारे देश में अब भी,
विदेशी घात करते हैं।
बड़े राजे, महाराजे,
हमें मोहताज करते हैं।।
हमें इंसान के बदले,
अधम सूकर समझते हैं।
गले में डालकर रस्सी
कुटिल कानून कसते हैं।।
हमारी जिन्दगी के दिन,
हमारी कैद के दिन हैं!!
हमारी जिन्दगी के दिन,
बड़े संघर्ष के दिन हैं!
इरादा कर चुके हैं हम,
प्रतिज्ञा आज करते हैं।
हिमालय और सागर में,
नया तूफान रचते हैं।।
गुलामी को मसल देंगे
न हत्यारों से डरते हैं।
हमें आजाद जीना है
इसी से आज मरते हैं।।
हमारी जिन्दगी के दिन,
हमारे होश के दिन हैं!!

Friday, 9 November 2012


बृहस्पतिवार, 8 सितम्बर 2011

अन्ना आंदोलन: एक आलोचनात्मक विश्लेषण

अन्ना हजारे के अनशन के विरोध और समर्थन में बहुत कुछ लिखा जा चुका है-विरोध में कम और समर्थन में ज्यादा। फिर, एक और लेख की क्या जरूरत है? हर लेखक का अपना एक दृष्टिकोण होता है और मेरा भी है। हर लेख कुछ ऐसे नए तथ्यों को उद्घाटित करता है जो पुराने लेखों में नहीं होते। इसके पहले भी मैंने अन्ना हजारे के आंदोलन का गांधीवाद के दृष्टिकोण से विश्लेषण किया था परंतु इस आंदोलन के बारे में कुछ और बातें भी कही जानी चाहिए, कुछ अन्य पहलुओं पर भी चर्चा होनी चाहिए। चाहे हम इस आंदोलन के साथ हों, उसके प्रति तटस्थ हों या उसके विरोधी हों, परंतु इसमें कोई संदेह नहीं कि इस आंदोलन का हमारे प्रजातानात्रिक ढांचे और हमारे देश की सामूहिक सोच पर गहरा प्रभाव पड़ा है।
सबसे पहले हम यह जानने की कोषिष करें कि हजारे और उनके तरीके कितने गांधीवादी हैं। मीडिया उन्हें गांधीवादी बताते नहीं थक रहा है, षायद इसलिए क्योंकि उन्होंने महात्मा गांधी की तरह उपवास किया। परंतु क्या केवल उपवास करने से कोई व्यक्ति गांधीवादी हो जाता है? यह एक बहस का विषय है। गांधीजी के लिए अनषन राजनैतिक हथियार नहीं था। वे आत्मशुद्धि के लिए व्रत रखते थे। मेरा यह मत है कि कोई व्यक्ति मात्र इसलिए गांधीवादी नहीं बन जाता क्योंकि वह अनशन करता है। सच्चा गांधीवादी कहलाने के लिए उसे कुछ और शर्तों को भी पूरा करना होगा। ये शर्तें क्या हैं? गांधीजी साध्य और साधन-दोनों की पवित्रता पर जोर देते थे। उनकी यह मान्यता थी कि साध्य चाहे कितना ही पवित्र क्यों न हो, उसे पाने के लिए अनुचित साधनों के उपयोग से साध्य की पवित्रता ही नष्ट हो जाती है। प्रश्न यह है कि साधनों का क्या अर्थ है? क्या केवल अनशन ही साधन को पवित्र बना देता है? इस प्रश्न का उत्तर पाने के लिए हमें गांधीजी के जीवन का अध्ययन करना होगा। हमें यह देखना होगा कि उन्होंने किन परिस्थितियों में और किन उद्धेश्यों के लिए अनषन किए थे।
गांधीजी जब भी अनशन करते थे वे उसे या तो प्रायश्चित और या फिर आत्मशुद्धि का नाम देते थे। वे कभी यह नहीं कहते थे कि उनके अनशन के कारण कोई मांग या मांगें स्वीकार की जावें। प्रजातांत्रिक संस्थाओं व सिद्धांतों की कीमत पर अपनी कोई मांग मनवाने की कशिश तो उन्होंने कभी की ही नहीं। सच तो यह है कि उन्होंने कभी सरकार के विरूद्ध कोई अनषन ही नहीं किया। यह मानना या कहना कि केवल मेरी मांग सही और उचित है और कोई भी दूसरा दृष्टिकोण गलत है, न केवल गैर-प्रजातांत्रिक है वरन् प्रजातांत्रिक संस्थाओं का क्षरण करने वाला भी है। इस तरह की सोच से तानाशाही की बू आती है।
गांधीजी का उपवास उनका आत्मांदोलन होता था। वे इसमें किसी दूसरे व्यक्ति से सहायता की अपेक्षा नहीं करते थे। उपवास करने का निर्णय वे स्वयं लेते थे और उसे खत्म करने का निर्णय भी केवल उनका ही होता था। वे कभी कोई “टीम“ नहीं बनाते थे और न ही उस “टीम“ से कोई सलाह लेते थे। उन्होंने कभी किसी से उनकी ओर से सरकार या किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का अनुरोध नहीं किया। हजारे का जोर न केवल इस बात पर था कि उनकी मांगे मानी जाएं बल्कि उन्होंने एक “टीम“ बना रखी थी जो उनकी ओर से सरकार से बातचीत करती थी और निर्णय लेती थी। मीडिया भी लगातार “टीम अन्ना“ शब्द का प्रयोग करता रहा।
गांधीजी ने कभी अपने उपवास को औचित्यपूर्ण सिद्ध करने के लिए लाखों तो छोडि़ए, हजारों या सैकड़ों की भीड़ नहीं जुटाई। उनके उपवास का लक्ष्य कभी जोर-जबरदस्ती से अपनी मांग मनवाना नहींे रहा। उनकी सोच में तानाशाही के लिए कोई स्थान नहीं था। अन्ना को अपने अनषन के सामने सरकार को झुकाने के लिए लाखों लोगों को सड़कांे पर निकालना पड़ा। अन्ना टीम के एक सदस्य ने उनके अनषन के नौवें दिन धमकी की भाषा में यह कहा कि अगर अन्ना को कुछ हो गया तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? अर्थात, सरकार जिम्मेदार होगी और इसलिए उसे अन्ना (ंअसल में अन्ना टीम) की मांगों को तुरंत स्वीकार कर लेना चाहिए।
अंततः यही हुआ। अन्ना के समर्थन में जो लोग सड़कों पर निकले, वे उच्च मध्यम वर्ग और उच्च जातियों के थे और भारत के सभी सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व नहीं करते थे। उनमें अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों और गरीबों की संख्या बहुत कम थी। उल्टे, ये वर्ग अन्ना के उपवास के परिणामों के बारे में सषंकित थे क्योंकि यह उपवास, संविधान और संसद की सर्वोच्चता को चुनौती दे रहा था।
समाज के कमजोर व वंचित वर्ग भी भ्रष्टाचार से पीडि़त हैं और वे भी भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी संघर्ष को अपना पूरा समर्थन देना चाहते हैं। परंतु यह संघर्ष अल्पसंख्यकों, दलितों व अन्य वंचित वर्गों की अन्य समस्याओं की कीमत पर नहीं हो सकता। अन्ना के आंदोलन का चरित्र ऐसा था कि उससे यह आषंका उत्पन्न होना स्वाभाविक थी कि उससे वंचित वर्गों की अपने अधिकार पाने की लड़ाई कमजोर होगी। इन वर्गों को ऐसा लग रहा था कि उनका अस्तित्व और उनके मूल अधिकार संविधान व संसद की सर्वोच्चता पर निर्भर हैं और यह सर्वोच्चता कमजोर होने से वे भी कमजोर होंगे।
अन्ना हजारे का आंदोलन, देष पर बहुसंख्यकवाद लादने का षड़यंत्र प्रतीत हो रहा था। इस आंदोलन को मुख्य विपक्षी दल भाजपा के अलावा, आरएसएस का भी पूरा समर्थन मिला। आरएसएस ने भाजपा को अन्ना टीम और उनके अनषन को पूरा सहयोग देने की सलाह दी। इससे वंचित वर्गों की आषंकाएं और गहरी हुईं। संघ और भाजपा के समर्थन ने अन्ना के आंदोलन को नैतिक दृष्टि से कमजोर किया।
इससे आंदोलन का राजनीतिकरण हो गया। अन्ना ने एक ऐसी पार्टी का समर्थन स्वीकार किया जिसके सदस्य गले-गले तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। जिन राज्यों, विषेषकर कर्नाटक, में भाजपा की सराकारें हैं, वहां के मंत्रियों व पार्टी के उच्च पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। अन्ना, जो कि भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, भला कैसे किसी ऐसी पार्टी का समर्थन स्वीकार कर सकते हैं जिस पर भ्रष्टाचार के कई आरोप हों। संघ और भाजपा ने दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में अन्ना के समर्थन में निकले जुलूसों, धरनों आदि को अपना पूरा समर्थन दिया और उनमें भीड़ जुटाई। इससे भी अन्ना का आंदोलन, नैतिक दृष्टि से कमजोर हुआ।
जहां तक गांधीजी का प्रश्न है, उनके अनशन, राजनीति को आध्यात्मिक व नैतिक दृष्टि से समृद्ध करने के गंभीर प्रयास हुआ करते थे। इसके विपरीत, अन्ना और उनकी टीम ने जमकर राजनीति की। आरोपों और प्रत्यारोप का लंबा सिलसिला चला। रामलीला मैदान पर इकट्ठा भीड़ में कई लोग षराब पीकर षामिल हुए और उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, अन्ना के आव्हान पर अन्ना के समर्थकों ने सांसदों का घेराव शुरू कर दिया। सांसदों को यह चेतावनी दी गई कि या तो वे अन्ना की मांगें मान लें अन्यथा उनके साथ कुछ भी हो सकता है। प्रधानमंत्री के निवास का भी घेराव किया गया, जिससे निश्चय ही प्रजातांत्रिक व्यवस्था के शीर्ष पर बैठे व्यक्ति की गरिमा को आघात लगा।
अन्ना टीम पर यह आरोप भी लगा कि उन्होंने इतनी भारी भीड़ इकट्ठा करने के लिए विदेशों से प्राप्त धन का इस्तेमाल किया। करीब एक लाख लोगों के लिए दस-बारह दिनों तक खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की गई। आखिर यह धन कहां से आया? क्या जिन लोगों ने यह धन दिया वे पूर्णतः ईमानदार और स्वच्छ थे? अगर ऐसा है तो उनके नाम क्यों छिपाए जा रहे हैं? कुछ लोगों ने यह आरोप भी लगाया है कि रामलीला मैदान पर भोजन का इंतजाम विहिप ने किया था। अगर इस आरोप में कोई सच्चाई है तो देष अन्ना से यह जानना चाहेगा कि उन्होंने इन स्त्रोतों से आर्थिक सहायता क्यों स्वीकार की? क्या उनके विहिप से कोई संबंध हैं? यदि नहीं तो उन्होंने अपनी टीम के सदस्यों को विहिप व ऐसे ही अन्य स्त्रोतों से आर्थिक मदद क्यों लेने दीं?
गांधीजी के विपरीत अन्ना ने कभी देष में साम्प्रदायिक हिंसा के खिलाफ अनषन नहीं किया। बल्कि, उन्होंने कभी साम्प्रदायिक दंगों की निंदा तक नहीं की। अन्ना ने मोदी सरकार के विकास के माडल की तारीफ की। इन्हीं मोदी के नेतृत्व में सन् 2002 में गुजरात में मुसलमानों का कत्लेआम हुआ था। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि विकास का मोदी माडल, गरीबों की कीमत पर करोड़पतियों को अरबपति बनाने वाला माडल है। इस तरह का माडल गांधीजी को कभी मंजूर नहीं होता।
हमें यह याद रखना चाहिए कि अर्थव्यवस्था का उदारीकरण-वैश्वीकरण और बड़ी कंपनियों के अनाप-शनाप मुनाफे, भ्रष्टाचार के लिए काफी हद तक जिम्मेदार हैं। सच तो यह है कि पहले की तुलना में आज बड़े उद्योगपति और कारपोरेट दुनिया भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा स्त्रोत बन गई है। गांधीजी समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े सबसे आखिरी आदमी के प्रति चिंतित रहते थे। वे कहा करते थे कि ऐसा विकास का माडल किसी काम का नहीं है जो सबसे कमजोर व्यक्ति को लाभान्वित न करे। 
अन्ना ने गुजरात के विकास के उस माडल की तारीफ की जो अमीरों को और अमीर बना रहा है और जिसके चलते, बहुराष्ट्रीय कंपनियां और धनपषु अकूत संपदा इकट्ठा कर रहे हैं। फिर, हजारे को गांधीवादी कैसे कहा जाता सकता है? हजारे ने गांधीजी द्वारा अविष्कृत आंदोलन के तरीके का इस्तेमाल जरूर किया परंतु उनका आंदोलन गैर-गांधीवादी था और उन्होंने उसकी सफलता के लिए अनैतिक और गांधीजी को सर्वथा अस्वीकार्य रणनीतियों का इस्तेमाल किया। अन्ना ने कई बार यह कहा है कि भ्रष्ट लोगांे को फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए। गांधीजी, किसी भी उद्धेष्य-चाहे वह कितना ही पवित्र क्यों न हो- के लिए हिंसा के प्रयोग के विरूद्ध थे। 
हजारे के “आदर्ष“ गांव में षराब पीने वालों को जूते मारे जाते हैं और उनके मुंह पर कालिख पोतकर उन्हें गधे पर बैठाकर गांव में घुमाया जाता है। यह निहायत बेहूदा और हिंसक तरीका है जिसके इस्तेमाल को गांधीजी कभी स्वीकार नहीं करते। इस सबसे यह साफ है कि अन्ना हजारे क मूल चरित्र तानाषाहीपूर्ण है। वे सफलता पाने की बहुत जल्दी में हैं और उनका यही चरित्र उनके नेतृत्व में चले आंदोलन मंे भी झलकता है।
भ्रष्टाचार का मुकाबला नए कानून बनाकर और कड़ी सजाएं देकर किया जा सकता है। हजारे का जोर हमेषा “कड़ी सजा“ पर रहता है। जैसा कि मैंने अपने पूर्व के एक लेख में लिखा था, भ्रष्टाचार, कानूनी नहीं बल्कि नैतिक समस्या है। चाहे हम कितने ही नए कानून बना दें, उससे भ्रष्टाचार खत्म होने वाला नहीं है। हत्यारों को फांसी पर चढ़ाने की व्यवस्था है। परंतु क्या इससे हत्याएं बंद हो र्गइं हैं? क्या हत्याओं में जरा सी भी कमी आई है? समस्या यह है कि हमारी न्याय व्यवस्था ही भ्रष्ट है। बड़े-बड़े वकील, दुर्दांत खूनियों को मासूम सिद्ध करने के लिए अपनी जान लड़ा देते हैं। इसके विपरीत, गांधीजी का कहना था कि किसी वकील को कोई मुकदमा तब तक अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए जब तक कि वह संतुष्ट न हो कि उसका मुव्वकिल पूरी तरह निर्दोष है। इस बात की क्या गांरटी हैं कि “षक्तिषाली लोकपाल“ स्वयं भ्रष्ट नहीं हो जाएगा और भ्रष्ट वकील और जज, रिष्वतखोरों की वकालत कर उन्हें निर्दोष सिद्ध नहीं कर देंगे?
भ्रष्टाचार से लड़ने का सबसे प्रभावी हथियार है नैतिकता का प्रचार-प्रसार। परंतु हमारे नागरिक, नैतिक कैसे हो सकते हैं जब कि हमारी षिक्षा व्यवस्था ही मोटी रकम कैपिटेषन फीस के रूप में चुकाकर, महंगे कालेजों से डिग्री हासिल करने और उसके बाद भारी-भरकम पैकेज पाने की अंधी दौड़ पर आधारित है। हमें मजबूत लोकपाल की जरूरत तो है परंतु उससे ज्यादा जरूरी यह है कि हमारी षिक्षण संस्थाओं से पढ़कर निकलने वाले छात्र-छात्राओं का नैतिक चरित्र मजबूत हो।
अन्ना षायद ही कभी नैतिकता की बात करते हैं। उनकी सोच केवल कानूनों और सजाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। गांधीजी का जोर नैतिकता और आध्यात्मिकता पर था। वे समस्याओं का हल अपनी अंतरात्मा में ढूढ़ते थे न कि कानूनों में। जो व्यक्ति मसीहा बनने की जल्दी में होता है वह कभी अपनी अंतरात्मा की आवाज नहीं सुन पाता। वह सभी समस्याओं का हल बाहरी उपायों से करना चाहता है। गांधी बनने के लिए अपनी अंतरात्मा में डूबने की क्षमता अनिवार्य है ।

-डाॅ. असगर अली इंजीनियर