Sunday, 28 October 2012

अछूत कौन ५

एक समय था जब ब्राह्मण सब से अधिक गोमांसाहारी थे। कर्मकाण्ड के उस युग में शायद ही कोई दिन ऐसा होता हो जब किसी यज्ञ के निमित्त गो वध न होता हो, और जिसमें कोई अब्राह्मण किसी ब्राह्मण को न बुलाता हो। ब्राह्मण के लिए हर दिन गोमांसाहार का दिन था। अपनी गोमांसा लालसा को छिपाने के लिए उसे गूढ़ बनाने का प्रयतन किया जाता था। इस रहस्यमय ठाठ बाट की कुछ जानकारी ऐतरेय ब्राह्मण में देखी जा सकती है। इस प्रकार के यज्ञ में भाग लेने वाले पुरोहितों की संख्या कुल सत्रह होती, और वे स्वाभाविक तौर पर मृत पशु की पूरी की पूरी लाश अपने लिए ही ले लेना चाहते। तो यजमान के घर के सभी सदस्यों से अपेक्षित होता कि वे यज्ञ की एक विधि के अन्तर्गत पशु के मांस पर से अपना अधिकार छोड़ दें।

ऐतरेय ब्राह्मण में जो कुछ कहा गया है उस से दो बातें असंदिग्ध तौर पर स्पष्ट होती हैं। एक तो यह कि बलि के पशु के सारा मांस ब्राह्मण ही ले लेते थे। और दूसरी यह कि पशुओं का वध करने के लिये ब्राह्मण स्वयं कसाई का काम करते थे।

तब फिर इस प्रकार के कसाई, गोमांसाहारियों ने पैंतरा क्यों बदला?

पहले बताया जा चुका है कि अशोक ने कभी गोहत्या के खिलाफ़ कोई का़नून नहीं बनाया। और यदि बनाया भी होता तो ब्राह्मण समुदाय एक बौद्ध सम्राट के का़नून को क्यों मानते? तो क्या मनु ने गोहत्या का निषेध किया था? तो क्या मनु ने कोई का़नून बनाया? मनुस्मृति के अध्याय ५ में खान पान के विषय में श्लोक मिलते हैं;

"बिना जीव को कष्ट पहुँचाये मांस प्राप्त नहीं किया जा सकता और प्राणियों के वध करने से स्वर्ग नहीं मिलता तो मनुष्य को चाहिये कि मांसाहार छोड़ दे।" (५.४८)

तो क्या इसी को मांसाहार के विरुद्ध निषेधाज्ञा माना जाय? मुझे ऐसा मानने में परेशानी है और मैं समझता हूँ कि ये श्लोक ब्राह्मणों के शाकाहारी बन जाने के बाद में जोड़े गये अंश हैं। क्योंकि मनुस्मृति के उसी अध्याय ५ के इस श्लोक के पहले करीब बीस पच्चीस श्लोक में विवरण है कि मांसाहार कैसे किया जाय, उदाहरण स्वरूप;

प्रजापति ने इस जगत को इस प्राण के अन्न रूप में बनाया है, सभी चराचर (जड़ व जीव) इस प्राण का भोजन हैं। (५.२८)

मांस खाने, मद्यपान तथा मैथुन में कोई दोष नहीं। यह प्राणियों का स्वभाव है पर उस से परहेज़ में महाफल है।(५.५६)

ब्राह्मणों द्वारा मंत्रो से पवित्र किया हुआ मांस खाना चाहिये और प्राणों का संकत होने पर अवश्य खाना चाहिये। (५.२७)

ब्रह्मा ने पशुओं को यज्ञो में बलि के लिये रचा है इसलिये यज्ञो में पशु वध को वध नहीं कहा जाता। (५.३९)

एक बार तय हो जाने पर जो मनुष्य (श्राद्ध आदि अवसर पर) मांसाहार नहीं करता वह इक्कीस जन्मो तक पशु योनि में जाता है। (५.३५)

स्पष्ट है कि मनु न मांसाहार का निषेध नहीं किया और गोहत्या का भी कहीं निषेध नहीं किया।मनु के विधान में पाप कर्म दो प्रकार के हैं;१) महापातक: ब्रह्म हत्या, मद्यपान, चोरी, गुरुपत्नीगमन ये चार अपराध महापातक हैं।और २) उपपातक: परस्त्रीगमन, स्वयं को बेचना, गुरु, माँ, बाप की उपेक्षा, पवित्र अग्नि का त्याग, पुत्र के पोषण से इंकार, दूषित मनुष्य से यज्ञ कराना और गोवध।

स्पष्ट है कि मनु की दृष्टि में गोवध मामूली अपराध था। और तभी निन्दनीय था जब गोवध बिना उचित और पर्याप्त कारण के हो। याज्ञवल्क्य ने भी ऐसा ही कहा है।

तो फिर आज के जैसी स्थिति कैसे पैदा हुई? कुछ लोग कहेंगे कि ये गो पूजा उसी अद्वैत दर्शन का परिणाम है जिसकी शिक्षा है कि समस्त विश्व में ब्रह्म व्याप्त है। मगर यह संतोषजनक नहीं है जो वेदांतसूत्र ब्रह्म के एकत्व की बात करते हैं वे यज्ञ के लिये पशु हत्या को वर्जित नहीं करते (२.१.२८)। और अगर ऐसा है भी तो यह आचरण सिर्फ़ गो तक सीमित क्यों सभी पशुओं पर क्यों नहीं लागू होता?

मेरे विचार से ये ब्राह्मणों के चातुर्य का एक अंग है कि वे गोमांसाहारी न रहकर गो पूजक बन गए। इस रहस्य का मूल बौद्ध-ब्राह्मण संघर्ष में छिपा है। उन के बीच तू डाल डाल मैं पात पात की होड़ भारतीय इतिहास की निर्णायक घटना है। दुर्भाग्य से इतिहासकारों ने इसे ज़्यादा महत्व नहीं दिया है। वे आम तौर पर इस तथ्य से अपरिचित होते हैं कि लगभग ४०० साल तक बौद्ध और ब्राह्मण एक दूसरे से बाजी मार ले जाने के लिए संघर्ष करते रहे।

एक समय था जब अधिकांश भारतवासी बौद्ध थे। और बौद्ध धर्म ने ब्राह्मणवाद पर ऐसे आक्रमण किए जो पहले किसी ने नहीं किए। बौद्ध धर्म के विस्तार के कारण ब्राह्मणों का प्रभुत्व न दरबार में रहा न जनता में। वे इस पराजय से पीड़ित थे और अपनी प्रतिष्ठा पुनः प्राप्त करने के प्रयत्नशील थे।

इसका एक ही उपाय था कि वे बौद्धों के जीवनदर्शन को अपनायें और उनसे भी चार कदम आगे बढ़ जायें। बुद्ध के परिनिर्वाण के बाद बौद्धों ने बुद्ध की मूर्तियां और स्तूप बनाने शुरु किये। ब्राह्मणों ने उनका अनुकरण किया। उन्होने शिव, विष्णु, राम, कृष्ण आदि की मूर्तियां स्थापित करके उनके मंदिर बनाए। मकसद इतना ही था कि बुद्ध मूर्ति पूजा से प्रभावित जनता को अपनी ओर आकर्षित करें। जिन मंदिरों और मूर्तियों का हिन्दू धर्म में कोई स्थान न था उनके लिए स्थान बना।

गोवध के बारे में बौद्धों की आपत्ति का जनता पर प्रभाव पड़ने के दो कारण थे कि एक तो वे लोग कृषि प्रधान थे और दूसरे गो बहुत उपयोगी थे। और उसी वजह से ब्राह्मण गोघातक समझे जाकर घृणा के पात्र बन गए थे।

गोमांसाहार छोड़ कर ब्राह्मणों का उद्देश्य बौद्ध भिक्षुओं से उनकी श्रेष्ठता छीन लेना ही था। और बिना शाकाहारी बने वह पुनः उस स्थान को प्राप्त नहीं पर सकता था जो बौद्धों के आने के बाद उसके पैर के नीचे से खिसक गया था। इसीलिए ब्राह्मण बौद्ध भिक्षुओं से भी एक कदम आगे जा कर शाकाहारी बन गए। यह एक कुटिल चाल थी क्योंकि बौद्ध शाकाहारी नहीं थे। हो सकता है कि ये जानकर कुछ लोग आश्चर्य करें पर यह सच है। बौद्ध त्रिकोटी परिशुद्ध मांस खा सकते थे।यानी ऐसे पशु को जिसे उनके लिए मारा गया ऐसा देखा न हो, सुना न हो और न ही कोई अन्य संदेह हो। इसके अलावा वे दो अन्य प्रकार का मांस और खा सकते थे- ऐसे पशु का जिसकी स्वाभाविक मृत्यु हुई हो या जिसे किसी अन्य वन्य पशु पक्षी ने मार दिया हो।

तो इस प्रकार के शुद्ध किए हुए मांस खाने वाले बौद्धों से मुकाबले के लिए मांसाहारी ब्राह्मणों को मांस छोड़ने की क्या आवश्यक्ता थी। थी, क्योंकि वे जनता की दृष्टि में बौद्धों के साथ एक समान तल पर खड़े नहीं होना चाहते थे। यह अति को प्रचण्ड से पराजित करने की नीति है। यह वह युद्ध नीति है जिसका उपयोग वामपंथियों को हटाने के लिए सभी दक्षिणपंथी करते हैं।

एक और प्रमाण है कि उन्होने ऐसा बौद्धों को परास्त करने के लिए ही किया। यह वह स्थिति बनी जब गोवध महापातक बन गया। भण्डारकर जी लिखते हैं कि, "हमारे पास एक ताम्र पत्र है जो कि गुप्त राजवंश के स्कंदगुप्त के राज्यकाल का है। यह एक दान पात्र है जिसके अंतिम श्लोक में लिखा है : जो भी इस प्रदत्तदान में हस्तक्षेप करेगा वह गो हत्या, गुरुहत्या, या ब्राह्मण हत्या जैसे पाप का भागी होगा।" हमने ऊपर देखा है कि मनु ने गोवध को उपपातक माना है। मगर स्कन्द गुप्त के काल (४१२ ईसवी) तक आते आते महापातक बन गया।

हमारा विश्लेषण है कि बौद्ध भिक्षुओ पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए ब्राह्मणों के लिए यह अनिवार्य हो गया था कि वे वैदिक धर्म के एक अंश से अपना पीछा छुड़ा लें। यह एक साधन था जिसे ब्राह्मणों ने अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को पाने के लिए उपयोग किया।

कट्टर रूढ़िवादियों का कहना है कि अस्पृश्यता अत्यंत प्राचीन काल से चली आ रही है। क्योंकि अस्पृश्यता के बारे में न सिर्फ़ स्मृतियों में दिया है बल्कि धर्म सूत्रों में भी, जो कि कुछ विद्वानों के अनुसार ईसा के पहले लिखे गए हैं।

ये ठीक बात है। मगर क्या धर्म सूत्र में अस्पृश्यता और अछूतों का उल्लेख उन्ही अर्थों में हुआ है जिन अर्थों में हम आज समझते हैं? धर्म सूत्र अस्पृश्य के साथ कुछ अन्य शब्दों का भी उपयोग करते हैं; अन्त्य, अन्त्यज, अन्त्यवासिन, और वाह्य। इन शब्दों का प्रयोग स्मृतियों में भी हुआ है। तो क्या अन्त्य, अन्त्यज आदि इन शब्दों का भी वही अर्थ है जो अस्पृश्य का?

दुर्भाग्य से इन शब्दों का प्रयोग धर्म सूत्र में बहुत सीमित है और कहीं भी यह नहीं बताया गया है कि इन शब्दों अन्तर्गत कौन कौन सी जातियां आती हैं ? स्मृतियों में बताया है। मगर हर जगह अलग अलग जातियां दी गई हैं, कहीं सात कहीं बारह। उदाहरण के लिये वेदव्यास स्मृति के अनुसार चाण्डाल और श्वपाक अन्त्यज हैं किन्तु अत्रि स्मृति के अनुसार नहीं। अत्रि के अनुसार बुरुद और कैवर्त अन्त्यज हैं मगर वेदव्यास के अनुसार नहीं।

कहने का सार यह है कि न तो धर्म सूत्र और न ही स्मृतियों से कुछ निश्चय हो पा रहा है। फिर ये ग्रंथ यह भी नहीं बताते कि ये अन्त्य, अन्त्यज, अन्त्यवासिन, और वाह्य अस्पृश्य थे या नहीं? इनके बारे में जो अलग से जानकारी है शायद उस से कुछ सहायता मिले।

जैसे मनु ने वाह्य का उल्लेख किया है। मगर उसको समझने के लिए मनु के वर्गीकरण को समझना ज़रूरी है। मनु लोगों केपहले दो वर्ग बनाते हैं, १) वैदिक और २)दस्यु। फिर वैदिक जनों को चार उप वर्ग में बिभाजित करते हैं;
१) जो चातुर्वर्ण के भीतर हैं
२)जो चातुर्वर्ण के बाहर हैं
३)ब्रात्य
४)पतित या जाति बहिष्कृत

चातुर्वर्ण के भीतर वही जन गिने जाते थे जिनके माता पिता का वर्ण एक ही हो। नहीं तो अलग अलग वर्ण के माता पिता की सन्तान को वर्ण संकर कह कर चातुर्वर्ण से बाहर कर दिया जाता था। चातुर्वर्ण से बाहर इन लोगों के फिर दो भेद किये गये।१)अनुलोम, जिनके पिता ऊँचे वर्ण के और माता नीचे वर्ण की२)प्रतिलोम, जिनकी माता ऊँचे वर्ण की और पिता नीचे वर्ण केअनुलोमों को मनु ने वाह्य कहा है और प्रतिलोमों को हीन किन्तु दोनों को ही अछूत नहीं कहा है।

अब अन्त्य शब्द के बारे में। अन्त्य एक वर्ग के रूप में मनु स्मृति(४.७९) में आता है फिर भी मनु उसकी गणना नहीं करते। मेधातिथि ने अपने भाष्य में कहा है कि अन्त्य का अर्थ है म्लेच्छ। बुलहर ने इस का अनुवाद नीच जाति के रूप में किया है। बृहदारण्यक उपनिषद में एक कथा है जिसमें अन्त्य शब्द का अर्थ गाँव की सीमा पर बसे हुए लोगों से लिया गया है।

अब अन्त्यज। महाभारत (शांति पर्व १०९.९) में अन्त्यजों के सैनिक होने का उल्लेख है। सरस्वती विलास के अनुसार रजकों की सात जातियां अन्त्यज में गिनी जाती हैं। वीरमित्रोदय का कहना है रजक आदि अठारह जातियां सामूहिक तौर पर अन्त्यज कहलाती हैं। मगर ये कहीं नहीं कहती कि अन्त्यज अछूत थे।

और अन्त्यवासिन? क्या वे अछूत थे? अमर कोश के अनुसार अन्त्यवासिन का अर्थ है गुरु के घर पर रहने वाला ब्रह्मचारी। ये ब्रह्मचारी जो सिर्फ़ ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य ही हो सकते थे, अछूत नहीं हो सकते थे। वशिष्ठ धर्म सूत्र के अनुसार अन्त्यवासिन शूद्र पिता और वैश्य माता की संतान हैं। मनु के मत से वे चाण्डाल पिता और निषाद माता की संतान। मिताक्षरा का कहना है कि वे अन्त्यजों का ही एक उपवर्ग हैं।

अभी तक जो जानकारी मिली है उस से इन अन्त्यज आदि को आधुनिक अर्थों में अछूत कहना मुश्किल है। फिर भी अगर कुछ लोग ये मानते हो कि नहीं वे अछूत ही थे तो पूछा जाना चाहिये कि उस काल में अस्पृश्य का अर्थ क्या था?

उदाहरण के लिए एक अस्पृश्य जाति चाण्डाल को लें। चाण्डाल कई तरह के लोगों के लिए एक शब्द है। शास्त्रों में पाँच तरह के चाण्डालों का वर्णन है।
१)शूद्र पिता और ब्राह्मण माता की संतान
२)कुँवारी कन्या की सन्तान
३)सगोत्र स्त्री की संतान
४)सन्यासी हो कर पुन: गृहस्थ होने वाले की संतान
५)नाई पिता और ब्राह्मण माता की संतान

हम मान लेते हैं कि इन पाँचो के सन्दर्भ में शुद्ध होने के आवश्यक्ता बताई गई है। तो शुद्ध होने का शास्त्रोक्त नियम हैं;जब ब्राह्मण किसी चाण्डाल, रजस्वला स्त्री, पतित, प्रसूता, शव या उसे जिसने शव का स्पर्श किया हो, को स्पर्श करता है तो स्नान करने से शुद्ध होता है। (मनु स्मृति ५.८५)

इसी तरह के अन्य नियम दूसरे शास्त्रों में भी मिलते हैं। इन नियमों से दो बातें स्पष्ट होती हैं।
१)चाण्डाल के स्पर्श से केवल ब्राह्मण अशुद्ध होता था।
२)और सम्भवतः आनुष्ठानिक अवसरों पर ही शुद्ध अशुद्ध का विचार किया जाता था।

यदि ये निष्कर्ष ठीक है तो यह अशुद्धि का मामला है जो अस्पृश्यता से बिलकुल अलग है। अछूत सभी को अपवित्र करता है मगर अशुद्ध केवल ब्राह्मण को अपवित्र करता है। अशुद्ध का स्पर्श केवल अनुष्ठान के अवसर पर ही अपवित्रता का कारण बनता है मगर अछूत सदैव अपवित्र बनाता है।

इसके अलावा एक और तर्क है जिससे सिद्ध होता है कि धर्म सूत्र में जिन जातियों के नाम आए वे अछूत थीं। इस तर्क का आधार अध्याय २ में उल्लिखित ऑर्डर इन कौंसिल की ४२९ जातियों की सूची है। स्मृतियों और इस सूची की तुलना करने पर कुछ बातें सामने आती हैं;
१)स्मृतियों में दी गई ऐसी जातियों की अधिकतम संख्या १२ है, जबकि इस सूची में इनकी संख्या ४२९ है।
२)४२९ में ४२७ जातियों का नाम स्मृतियों में नहीं है।
३)स्मृतियों में जिनका नाम है, वे ऑर्डर इन कौंसिल की सूची में नहीं हैं।
४)केवल चमार ही एक ऐसी जाति है जो दोनों जगह है।

अगर ये दोनों सूचियां एक ही वर्ग के लोगों की हैं और ये सिर्फ़ अस्पृश्यता के विस्तार का मामला है तो इसका कारण क्या है? ऐसा कैसे सम्भव है कि अकेले चमार को छोड़कर ४२८ का तब अस्तित्व ही नहीं था? और यदि था तो उनका उल्लेख स्मृतियों में क्यों नहीं मिलता? इस प्रश्न को कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता।

अब यदि यह मान लिया जाय कि ये दो अलग अलग वर्गों की सूचियां हैं। शास्त्र वाली सूची अपवित्र जनों की है जबकि ऑर्डर इन कौंसिल वाली सूची अछूतों की तो इन सवालों का कोई अर्थ नहीं रह जाता। सिवाय इस पहलू के कि चमार को दोनों सूचियों में कैसे स्थान प्राप्त है? अकेले चमार की दोनों सूचियों में उपस्थिति से यह सिद्ध नहीं किया जा सकता कि दोनों सूचियाँ एक ही लोगों के बारे में हैं बल्कि अगर ये समझा जाय कि ये दो सूचियां दो अलग अलग लोगों के बारे में हैं; एक अपवित्रों की और एक अछूतों की। तो सिर्फ़ इतना सिद्ध होता है कि चमार जो कभी अपवित्र थे बाद में अछूत हो गये।

स्मृतियों में वर्णित बारह अपवित्र जातियों में अकेले चमार को ही क्यों अछूत बनाया गया, ये समझना कठिन नहीं। चमार और अन्य अपवित्र जातियों ने जिस बात ने भेद पैदा किया है वह है गोमांसाहार। जब गो को पवित्रता का दरजा मिला और गोमांसाहार पाप बना, तब अपवित्र लोगों में जो गोमांसाहारी थे केवल वही अछूत बने। स्मृतियों की सूची में अकेले चमार ही गोमांसाहारी है।अस्पृश्यता के मूल कारण गोमांसाहार है और यह अपवित्रता से अलग है। यही बात छुआछूत के जन्म का काल निर्णय करने में निर्णायक सिद्ध होगी।

अभी तक यह बात सिद्ध हो चुकी है कि एक समय था जब भारत के प्रत्येक गाँव के दो हिस्से होते थे। एक गाँव के भीतर बसे हुए लोगों का हिस्सा, और दूसरा गाँव की सीमा पर छितरे लोगों का हिस्सा। दोनों के सामाजिक आचार, व्यवहार में किसी प्रकार की बाधा न थी। गो को पवित्र घोषित करने और गोमांस भक्षण निषिद्ध करने से छितरे लोग अछूत बन गये। मगर ये कब हुआ यह प्रश्न विचारणीय है।

वेदों में चर्मणा(८.८.३८) जैसे अन्त्यज का उल्लेख है मगर ऐसा कोई इशारा नहीं कि उन्हे अछूत समझा जाता था या अपवित्र। तो वैदिक काल में कोई अस्पृश्यता नहीं थी और जहाँ तक धर्म सूत्र काल का प्रश्न है हम देख चुके हैं कि तब अपवित्रता की धारणा थी किन्तु अस्पृश्यता नहीं।

अब प्रश्न उठता है कि क्या मनु के समय में अस्पृश्यता थी? मनु स्मृति में एक श्लोक है(१०.४) जिसमें मनु का कहना है कि केवल चार ही वर्ण है पाँचवा है ही नहीं। स्पष्ट है कि यह श्लोक किसी जाति के चातुर्वर्ण के भीतर रहने या न रहने के विवाद के सम्बन्ध में कहा गया है। मुश्किल यह है कि मनु उस जाति का उल्लेख नहीं करते।

रूढ़िगत हिन्दू की व्याख्या है कि इस पाँचवे वर्ण का अर्थ अछूतों से है। इस मत की लोकप्रियता के कारण ही आज हिन्दू, सवर्ण और अवर्ण में विभाजित हैं। अगर ये व्याख्या सच है तो सिद्ध होता है कि मनु के समय में भी अस्पृश्यता थी। मगर मेरा मत है कि यह व्याख्या गलत है। चाण्डाल के प्रति मनु का भाव अपवित्रता से जुड़ा है और इस श्लोक का सम्बन्ध दासों से है। अध्याय ७ में अस्पृश्यता के व्यवसायजन्य सिद्धान्त के सम्बन्ध में जो नारद स्मृति के उद्धरण दिये गये हैं वे दासों की बात करते हैं। और उन श्लोकों में नारद स्मृति दासों का उल्लेख पाँचवे वर्ण के रूप में करती है। यदि नारद स्मृति दासों में पांचवे वर्ण का अर्थ दास हो सकता है तो कोई कारण नहीं कि मनु स्मृति में पाँचवें वर्ण का अर्थ दास न हो। तो यह कहा जा सकता है कि मनु स्मृति में भी अस्पृश्यता नहीं थी। अब प्रश्न है कि मनु स्मृति का काल क्या है?

प्रोफ़ेसर बूहलर के मत से मनुस्मृति ईसा की दूसरी शताब्दी में अस्तित्व में आई। श्री दफ़्तरी का तर्क है कि मनु स्मृति १८५ ईसा पूर्व के बाद लिखी गई। उनका तर्क है कि मौर्य वंश के बौद्ध नरेश बृहद्रथ की हत्या उनके ब्राह्मण सेनापति पुष्यमित्र ने की थी और मनुस्मृति का इस घटना से सीधा सम्बन्ध है। यह घटना एक राजनैतिक क्रांति थी, एक खूनी क्रांति। जिसका उद्देश्य था बौद्धों का तख्ता पलटना और इअके सूत्र संचालक थे ब्राह्मण।

मगर बौद्ध नरेशों के खिलाफ़ यह क्रांति लाकर ब्राह्मणवाद ने दो पुराने पवित्र नियमों का उल्लंघन किया था। पहला कि ब्राह्मण द्वारा शस्त्र स्पर्श भी पाप है और दूसरा कि राजा का शरीर पवित्र था और राज हत्या पाप। विजयी ब्राह्मणवाद को अपने पापों के समर्थन में एक पवित्रग्रंथ की आवश्यक्ता थी जो सभी के लिए प्रमाण स्वरूप हो।

अब देखें मनुस्मृति को। मनुस्मृति चातुर्वर्ण को देश का विधान बनाने के अलावा, पशु बलि को उचित ठहराती है, और यह भी तय करती है कि कब ब्राह्मण द्वारा राजा की हत्या अधर्म नहीं होती। इस मामले में मनु स्मृति ने वह काम किया जो पहले किसी स्मृति ने नहीं किया था। पुष्यमित्र की राजनैतिक क्रांति का एक विशुद्ध नवीन सिद्धान्त द्वारा दार्शनिक समर्थन। पुष्यमित्र और मनुस्मृति के इस सम्बन्ध से प्रगट होता है कि मनुस्मृति १८५ ई.पू. के बाद अस्तितव में आई और ये भी कि तब तक अस्पृश्यता नहीं थी। यह अस्पृश्यता के जन्म की ऊपरी सीमा कही जा सकती है।

अस्पृश्यता के जन्म की निचली सीमा निर्धारण करने में हमें मदद करते हैं चीनी यात्रियों के प्रसंग। फ़ाहियान ४०० ई. में भारत आये, उन्होने लिखा; "देश भर में चाण्डालों के अतिरिक्त न तो कोई किसी जीव की हत्या करता है न कोई सुरापान, न लहसुन प्याज़ खाता है। चाण्डालों को कुपुरुष कहा जाता है। वे दूसरों से अलग रहते हैं। यदि वे बस्ती या बाज़ार में प्रवेश करते हैं तो वे अपने आपको पृथक करने के लिए लकड़ी के टुकड़े से विशेष प्रकार की आवाज़ करते हैं। लोगों को उनके आगमन का पता चल जाता है और वे उनसे बच कर चलते हैं।"

ऐसा अनुमान किया जा सकता है कि फ़ाहियान के काल में छुआछूत अस्तित्व में था। मगर जो कुछ कहा गया है वो सिर्फ़ चाण्डालों के विषय में है। ब्राह्मण चाण्डालों को अपना परम्परागत शत्रु समझते हैं इसलिये स्वाभाविक लगता है कि वे चाण्डालों के लिए नीच शब्दों का प्रयोग करें और उनके प्रति विषवमन या मिथ्याप्रचार करें। मेरी यह बात कोरी कल्पना नहीं है। बाण की कादम्बरी की कथा एक चाण्डाल कन्या द्वारा पाले गये तोते ने राजा शूद्रक को सुनाई है।

बाण ने चाण्डाल बस्ती का जो वर्णन किया है वह भयानक है । वहाँ शराबखोरी, वेश्यावृत्ति, पशुबलि, रक्त चर्बी, कुत्ते, हड्डियां कुल मिलाकर साक्षात नरक। ऐसी बस्ती से चाण्डाल कन्या राजा शूद्रक के दरबार में जाती है। वहाँ राजा उस कन्या के ऐश्वर्यशाली सौन्दर्य से मोहित अभिभूत हो जाता है, यह अफ़्सोस करते हुए भी कि हाय यह चाण्डाल क्यों हुई।

कई सवाल उठते हैं क्यों बाण जैसे वात्स्यायन ब्राह्मण को चाण्डाल बस्ती का ऐसा वीभत्स वर्णन कर चुकने के बाद चाण्डाल कन्या का सौन्दर्य वर्णन करने में संकोच नहीं हुआ? यदि चाण्डाल अछूत थे तो कैसे एक अछूत कन्या राजमहल में इस प्रकार जा सकती थी? फिर बाण उस अछूत कन्या को चाण्डाल राजकुमारी कहता है, क्या चाण्डाल शासक परिवार भी थे? बाण की कादम्बरी ६०० ई. के आसपास लिखी गई। इसका अर्थ है कि ६०० ई. तक चाण्डाल अछूत नहीं समझे जाते थे। इसलिये फ़ाहियान का वर्णन ब्राह्मणों द्वारा अपवित्रता को लेकर की गई अति या अस्पृश्यता की सीमा को स्पर्श करता हुआ कहा जा सकता है मगर पूरी तरह अस्पृश्यता नहीं।

दूसरा चीनी यात्री ह्वेनसांग ६२९ ई. में भारत आया और सोलह वर्ष तक रहा। वह लिखता है; "..कसाई, धोबी, नट, नर्तक, वधिक, और भंगियों के लिये बस्ती एक निश्चित चिह्न द्वारा अलग कर दी गई है। वे शहर से बाहर रहने के लिए मजबूर किए जाते हैं। और जब कभी उन्हे किसी के घर के पास से गुज़रना हो तो बायीं ओर बहुत दब के निकलते हैं।"

फ़ाहियान ने जो वर्णन किया वह केवल चाण्डालों से सम्बन्ध रखता है और ह्वेनसांग का वर्णन दूसरी जातियों के बारे में भी है। इसलिये संभव है कि ह्वेनसांग के काल तक अस्पृश्यता का जन्म हो चुका था। तो ऊपर कहे गये के आधार पर हम कह सकते हैं कि दूसरी शताब्दी में अस्पृश्यता नहीं थी मगर सातवीं शताब्दी तक इसका जन्म हो चुका था। तो ये अस्पृश्यता के जन्म की ऊपरी वा निचली सीमाएं हैं।

हमने देखा है कि अस्पृश्यता का सीधा समबन्ध गोमांसाहार से है। मनु के काल तक न तो गोमांसाहार का निषेध हुआ था और न ही गोवध अपराध बना था। डा. भण्डारकर ने स्पष्ट किया है कि चौथी शताब्दी में गुप्त नरेशों द्वारा गोवध को प्राणदण्डनीय अपराध घोषित किया गया। इसलिए अब ये विश्वास से कहा जा सकता है बौद्ध धर्म और ब्राह्मण धर्म के आपसी संघर्ष के परिणामस्वरूप अस्पृश्यता ४०० ईसवी के आस पास पैदा हुई है।

No comments:

Post a Comment